home page

जन्मदिन पर महान रसायनशास्त्रियों को किया गया याद, विद्यार्थियों ने साझा किए उनके योगदान

 | 
जन्मदिन पर महान रसायनशास्त्रियों को किया गया याद, विद्यार्थियों ने साझा किए उनके योगदान


जन्मदिन पर महान रसायनशास्त्रियों को किया गया याद, विद्यार्थियों ने साझा किए उनके योगदान


कोरबा, 25 अगस्त (हि. स.)। कमला नेहरू महाविद्यालय में मंगलवार 25 अगस्त को रसायन विज्ञान के विकास में अपना जीवन समर्पित करने वाले महान रसायनशास्त्रियों को याद किया गया। महाविद्यालय के रसायनशास्त्र विभाग द्वारा अगस्त माह में जन्म लेने वाले महान वैज्ञानिकों के जन्मदिन के अवसर पर विशेष चर्चा-परिचर्चा आयोजित की गई।

कार्यक्रम में एमएससी प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने वैज्ञानिकों के जीवन, उपलब्धियों और रसायन विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में भारतीय रसायनशास्त्र के जनक आचार्य प्रफुलचंद्र राय सहित एंटोनी लेवोजियर, जॉर्ज डी हेवेसी, जॉन जैकोब बर्जेलियस और काइची तमाका के योगदान पर चर्चा की गई। छात्रा नैन्सी बैरागी ने आचार्य प्रफुलचंद्र राय, नूपुर श्रीवास ने जॉर्ज डी हेवेसी, खुशी श्रीवास ने जॉन जैकोब बर्जेलियस, सोनाक्षी शर्मा ने काइची तमाका तथा शोएब अली एवं भारती आदित्य ने एंटोनी लेवोजियर की जीवनी और उनके वैज्ञानिक कार्यों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर एवं रसायन विभागाध्यक्ष डॉ. गायत्री साहू ने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों के व्याख्यान के बाद प्राचार्य डॉ. बोपापुरकर ने कहा कि विज्ञान हो या कला, कक्षाओं में समय-समय पर इस तरह की चर्चा-परिचर्चा आयोजित होती रहनी चाहिए। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को अपने विषय के गौरवशाली इतिहास से परिचित होने के साथ-साथ नवीनतम शोध और ज्ञान-विज्ञान से जुड़ी सूचनाओं से अपडेट रहने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में रसायनशास्त्र के प्राध्यापक प्रतीक यादव एवं विजेंद्र नामदेव भी उपस्थित रहे। दोनों ने अपने विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी