home page

घड़ी चौक के बजाय अन्य स्थानों पर हो धार्मिक आयोजन: व्यापारी संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

 | 
घड़ी चौक के बजाय अन्य स्थानों पर हो धार्मिक आयोजन: व्यापारी संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन




धमतरी, 31 अगस्त (हि.स.)। आगामी त्यौहारों के मद्देनजर घड़ी चौक व्यापारी संघ ने घड़ी चौक से बालक चौक के बीच होने वाले धार्मिक आयोजनों को अन्य स्थानों पर आयोजित कराने की मांग की है। इस संबंध में सोमवार को कलेक्टर व नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर व्यापारी संघ ने दही हांडी, गणेश विसर्जन झांकी, नवरात्र एवं दशहरा सहित अन्य आयोजनों के लिए घड़ी चौक क्षेत्र में अनुमति नहीं देने का आग्रह किया है।

व्यापारी संघ के अध्यक्ष ज्ञानचंद लुनावत ने बताया कि घड़ी चौक धमतरी शहर के मुख्य बाजार में प्रवेश का प्रमुख मार्ग होने के साथ ही अत्यंत सघन व्यापारिक क्षेत्र है। यहां सुबह से देर रात तक शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। व्यापारियों का कहना है कि आयोजन के दौरान अत्यधिक भीड़ होने से व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

संघ ने कहा कि शहर में धार्मिक आयोजनों के लिए कई ऐसे स्थान उपलब्ध हैं, जहां पर्याप्त जगह और पार्किंग की सुविधा के साथ कार्यक्रम अधिक व्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जा सकते हैं। इनमें गांधी चौक, पुरानी कृषि उपज मंडी, बिलाई माता मंदिर के पास गौशाला मैदान, सामुदायिक भवन विंध्यवासिनी वार्ड, बाबू पंडरीराव कृदत्त इंडोर स्टेडियम एवं एकलव्य परिसर सहित अन्य स्थान शामिल हैं। व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन से नागरिक हित और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए घड़ी चौक के पीछे स्थित व्यापारिक क्षेत्र में किसी भी प्रकार के धार्मिक आयोजन की अनुमति नहीं देने की मांग की है। संघ ने उम्मीद जताई कि प्रशासन व्यापारियों, आम नागरिकों और विशेषकर महिलाओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी तथा सिटी कोतवाली थाना प्रभारी को भी सौंपी गई है।

इस अवसर पर घड़ी चौक व्यापारी संघ के संरक्षक आसुदामल जसुजा, अध्यक्ष ज्ञानचंद लुनावत, उपाध्यक्ष अखलख हाशमी, सचिव राजेश पंजवानी, सह सचिव मनीष जेठवानी, कोषाध्यक्ष देवानंद भोजवानी तथा प्रमुख सलाहकार गोवर्धनदास पिंजानी, प्रताप पंजवानी, गोवर्धन दादलानी, नोतनदास ज्ञानचंदानी एवं संजय लुंकड़ सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा