home page

राजस्व पखवाड़ा शिविरों से ग्रामीणों को मिली राहत

 | 
राजस्व पखवाड़ा शिविरों से ग्रामीणों को मिली राहत


-गांव-गांव पहुंच रही प्रशासनिक सेवाएं, हजारों प्रकरणों का मौके पर हो रहा समाधान

धमतरी, 08 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले में आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आयोजित किए जा रहे राजस्व पखवाड़ा शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। शासन के निर्देशानुसार एक अप्रैल से 15 जून तक तीन चरणों में चल रहे इन शिविरों में नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा जैसे मामलों का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।

पहले चरण (एक से 15 अप्रैल) के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर पटवारी और लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। अब तक 85 से अधिक शिविरों में करीब 4,200 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2,950 से ज्यादा प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया है। लगभग 3,500 हितग्राही सीधे लाभान्वित हुए हैं।

शिविरों में राजस्व अमला, पटवारी और अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं, जिससे लोगों को तहसील कार्यालयों के चक्कर से मुक्ति मिल रही है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि यह पहल लोगों को उनके गांव में ही पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दूसरा चरण 4 से 18 मई और तीसरा चरण 1 से 15 जून तक आयोजित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा