home page

सलवाही छात्रावास में बच्चों से कुएं से पानी भरवाने का मामला, अधीक्षक की परिवीक्षा अवधि बढ़ाने की अनुशंसा

 | 

बलरामपुर, 12 नवंबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड स्थित प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास सलवाही में छात्रों से कुएं से पानी भरवाने के मामले में छात्रावास अधीक्षक नारायण सिदार के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। कलेक्टर के अनुमोदन के बाद सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास ने अधीक्षक की परिवीक्षा अवधि एक वर्ष और बढ़ाने की अनुशंसा आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास को भेजी है।

मामले में 30 अक्टूबर को शिकायत मिलने के बाद प्रभारी मंडल संयोजक रामचंद्रपुर ने 3 नवंबर को छात्रावास का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान अधीक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। वहीं, कर्मचारियों और छात्रावास में रह रहे बच्चों ने बताया कि अर्नव तूफान के कारण छात्रावास की बिजली आपूर्ति बाधित थी। इस वजह से पानी की टंकी में पानी उपलब्ध नहीं था।

जांच में यह भी सामने आया कि उस समय छात्रावास में कार्यरत दो दैनिक मजदूर अनुपस्थित थे, जबकि मौजूद दो कर्मचारी बच्चों के लिए भोजन तैयार कर रहे थे। ऐसी स्थिति में बच्चों को नित्य क्रिया और अन्य आवश्यकताओं के लिए स्वयं कुएं से पानी भरना पड़ रहा था।

जांच प्रतिवेदन में अधीक्षक की बिना पूर्व सूचना अनुपस्थिति को पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही माना गया है। इसी आधार पर उनकी परिवीक्षा अवधि एक वर्ष बढ़ाने की अनुशंसा की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय