अंबिकापुर : राशन दुकान से 211 क्विंटल चावल गायब, फर्जी समूह के नाम पर सालों से चल रही थी धांधली
अंबिकापुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम भुषु में शासकीय उचित मूल्य की दुकान में बड़े पैमाने पर राशन गबन और धांधली का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों के भारी आक्रोश और लगातार विरोध प्रदर्शन के बाद जब खाद्य विभाग ने कार्रवाई की, तो स्टॉक में लगभग 211 क्विंटल चावल और शक्कर कम पाया गया, जिसने विभाग के भीतर मचे हड़कंप को उजागर कर दिया है।
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि, राशन डीलर पिछले कई वर्षों से विभागीय अधिकारियों के कथित संरक्षण में खुलेआम चावल और चने की कालाबाजारी कर रहा था। हितग्राहियों ने बताया कि डीलर राशन वितरण में न केवल आनाकानी करता था, बल्कि गरीब ग्रामीणों को 'राशन खत्म होने' का बहाना बनाकर खाली हाथ लौटा देता था, जिसके कारण मजबूरन उन्हें बाजार से ऊंचे दामों पर अनाज खरीदना पड़ता था। जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया कि जिस स्वयं सहायता समूह के नाम पर दुकान का संचालन हो रहा था, वह पूरी तरह फर्जी और अपंजीकृत था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने फर्जी समूह का आवंटन निरस्त कर 'इंदिरा स्वयं सहायता समूह' को दुकान सौंपने का आदेश जारी किया था, लेकिन निवर्तमान डीलर ने महीनों तक प्रभार सौंपने में टालमटोल की। आखिरकार खाद्य निरीक्षक की मौजूदगी में एकतरफा प्रभार दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें लाखों रुपये के राशन घोटाले की पुष्टि हुई। ग्रामीणों का कहना है कि डीलर ने प्रभाव का इस्तेमाल कर अब तक जांच को प्रभावित किया था, लेकिन अब वे इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
इस पूरे प्रकरण पर एसडीएम रामसिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि राशन के स्टॉक में मिली भारी कमी और वितरण में अनियमितता की जांच कराई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

