धूमधाम से निकली शहर में रथयात्रा, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
धमतरी, 16 जुलाई (हि.स.)। धमतरी शहर में आज गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा के अवसर पर रथ में भगवान जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा को विराजित कर रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। रथ यात्रा को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
मठ मंदिर चौक स्थित जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा की पंडित बालकृष्ण शर्मा की अगुवाई में दोपहर तीन बजे मंत्रोच्चारण के साथ विधि विधान से पूजा अर्चना शुरू हुई। सबसे पहले मंदिर के गर्भ गृह से तीनों देवी देवताओं को बाहर निकाला गया। विधिवत श्रृंगार करने के पश्चात सभी देवी देवताओं की महाआरती की गई। पश्चात तीनों देवी -देवताओं को रथ में विराजित किया गया। इसके बाद रथ यात्रा प्रारंभ हुई। रथयात्रा मठ मंदिर जगदीश मंदिर से प्रारंभ होकर सदर मार्ग , गणेश चौक होते हुए विंध्यवासिनी वार्ड स्थित गौशाला (जनकपुर )पहुंची। रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भगवान के रथ को खींचने के लिए होड़ लगी रही। बारी-बारी से लोगों ने रथ को खींचा।
शास्त्रों के अनुसार ऐसी मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने से जन्म जन्मांतर के पाप धुल जाते हैं। इस मान्यता के चलते लोगों में भगवान के रथ को खींचने के लिए होड़ लगी रहती है। मठ मंदिर चौक से लेकर गौशाला ( जनकपुर ) तक के डेढ़ किलोमीटर के फासले को पूरा करने में रथ को लगभग तीन से चार घंटे का समय लग गया। रथ यात्रा के साथ ही साथ रथ में सवार मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं को गजामूंग का प्रसाद भी बांटा जा रहा था। रोड किनारे बने घरों से लोग रस्सियों में कपड़ा बांधकर रथ तक कपड़ा उछालते रहे। रथ में सवार लोगों ने कपड़े में प्रसाद बांधकर इसे लौटाया। मठ मंदिर चौक से लेकर सदर मार्ग में कई स्थानों पर यह नजारा देखने को मिला । रथयात्रा के सामने भक्तों की टोली वाद्य यंत्रों के साथ भजन गाते हुए चल रही थी, जिससे माहौल भक्ति पूर्ण हो गया। पूरे रास्ते भर जय जगन्नाथ, जय जगन्नाथ का जयघोष गूँजता रहा। रथयात्रा महोत्सव के अवसर पर शहर में जगह जगह प्रसादी का वितरण किया गया। आम्बेडकर चौक के पास गणपति अस्पताल के पास प्रसादी का वितरण किया गया। जगदीश मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष किरण गांधी ने बताया कि शहर के अलावा दूर दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं को गजामूंग का प्रसाद बांटा गया। गौशाला(जनकपुर) से 27 जुलाई को रथ यात्रा की वापसी होगी।
इस अवसर पर जगदीश मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष किरण कुमार गांधी, उपाध्यक्ष सत्यनारायण राठी, सचिव प्रकाश गांधी, सहसचिव मोहन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लखमशी भानुशाली, ट्रस्टी श्यामसुंदर अग्रवाल, डॉ. हीरा महावर, श्याम अग्रवाल, पूर्व विधायक हर्षद मेहता, गोपाल शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
रथयात्रा के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था रही।धक्का मुक्की और छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से भीड़ के बीच में सादी वर्दी में पुलिस के जवान तैनात थे। इसके अलावा पेट्रोलिंग गाड़ी ने घूम घूम कर स्थिति का जायजा लिया। रथयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अलग अलग स्थानों पर पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

