home page

शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपित उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

 | 
शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपित उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 22 जून (हि. स.)। नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसका शारीरिक शोषण करने वाले आरोपित को जांजगीर-चांपा की सिटी कोतवाली पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित कई महीनों से पीड़िता को अपने कब्जे में रखकर उसे डरा-धमकाकर शारीरिक शोषण कर रहा था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2026 को पीड़िता की परिजनों ने सिटी कोतवाली जांजगीर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने नाबालिग बालिका को बरामद कर लिया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि उत्तर प्रदेश निवासी लक्की उर्फ लवकुश गोस्वामी (25 वर्ष) उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था।आरोपित उसे उत्तर प्रदेश में अपने पास रखे हुए था और शादी का वादा कर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता के अनुसार आरोपित उसे डराता-धमकाता था, जिसके कारण वह विरोध नहीं कर सकी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई और उसे पकड़ने के लिए उत्तर प्रदेश रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश के खलीलाबाद क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने तथा उसका शारीरिक शोषण करने की बात स्वीकार कर ली।

सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 87, 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, आरक्षक शंकर राजपूत एवं हजारी मेरसा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT