home page

रंजीता-लीलाराम को राज्य शिक्षक सम्मान, धमतरी का बढ़ा मान

 | 
रंजीता-लीलाराम को राज्य शिक्षक सम्मान, धमतरी का बढ़ा मान


रंजीता-लीलाराम को राज्य शिक्षक सम्मान, धमतरी का बढ़ा मान


छत्तीसगढ़ मंडपम लोकभवन में हुआ कार्यक्रम

धमतरी, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस पर धमतरी जिले के दो शिक्षकों रंजीता तुमनचंद साहू और लीलाराम साहू को राज्य शिक्षक सम्मान से नवाजा गया। पांच सितंबर को छत्तीसगढ़ मंडपम लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों को सम्मानित किया।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। राज्य स्तर पर जिले के दोनों शिक्षकों को सम्मान मिलना धमतरी के लिए गौरव का विषय रहा। समारोह के मंच पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।मगरलोड ब्लाक के ग्राम लुगे के शासकीय माध्यमिक स्कूल की शिक्षिका रंजीता तुमनचंद साहू को नवाचारी गतिविधियों, डिजिटल स्मार्ट शिक्षा, बचत एवं संस्कार और पर्यावरण संरक्षण के लिए राज्य शिक्षक सम्मान मिला। उन्होंने बच्चों को आधुनिक तरीके से पढ़ाने के लिए अपने वेतन की आधी राशि लगाकर जनसहयोग से 167 स्कूलों में स्मार्ट टीवी लगवाया।

‘मैं हूं गुल्लक’ अभियान के माध्यम से बच्चों में बचत और संस्कार की आदत विकसित करने का प्रयास किया। वहीं पौधारोपण और पौधों के वितरण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके इन प्रयासों ने ग्रामीण बच्चों की पढ़ाई को नई दिशा दी। इसी तरह से शासकीय प्राथमिक शाला धौराभाठा के प्रधानपाठक लीलाराम साहू को नवाचारी एवं गतिविधि आधारित शिक्षण, डिजिटल स्मार्ट शिक्षा और बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के प्रयासों के लिए राज्य शिक्षक सम्मान मिला। उन्होंने टीएलएम और स्मार्ट टीवी के माध्यम से पढ़ाई को बच्चों के लिए रुचिकर बनाया। नवोदय, एकलव्य और जवाहर उत्कर्ष जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी बच्चों को मार्गदर्शन दिया। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने के साथ स्कूल में जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया। उनके प्रयासों से सरकारी स्कूल में बच्चों और पालकों का भरोसा मजबूत हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा