गांधी-शास्त्री जयंती पर रंजना साहू ने महापुरुषों को किया नमन
धमतरी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ जयंती समारोह आयोजित किया गया। भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल की उपस्थिति में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डिपेंद्र साहू ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और दोनों महापुरुषों को नमन किया।
इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। रंजना साहू ने कहा कि महात्मा गांधी का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को समर्पित रहा। उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देशवासियों को स्वतंत्रता आंदोलन के लिए एकजुट किया। गांधी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि शास्त्री सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के आदर्श प्रतीक हैं। उनका जीवन कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प, अनुशासन और देशहित को सर्वोच्च रखने की प्रेरणा देता है। शास्त्री का दिया ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष देश के जवानों और किसानों के सम्मान तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित करता है। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान’ का नारा दिया।
रंजना साहू ने कहा कि गांधी और शास्त्री के जीवन-मूल्यों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। आज आवश्यकता है कि सत्य, स्वच्छता, अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा और राष्ट्रहित के संकल्प को जीवन में अपनाकर समाज के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाई जाए। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों का स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

