रामानुजगंज में जिलास्तरीय ‘रंगोली राष्ट्र’ प्रतियोगिता, राजपुर महाविद्यालय की टीम रही प्रथम
बलरामपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज शुक्रवार को शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज में जिला स्तरीय ‘रंगोली राष्ट्र’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। ‘विकसित भारत 2047 एवं प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाएं’ विषय पर विद्यार्थियों ने फूल, पत्तियों, मिट्टी, चावल, दाल और अनाज जैसी प्राकृतिक सामग्री से रंगोलियां बनाकर अपनी कल्पना प्रस्तुत की।
प्रतियोगिता में रामानुजगंज, बलरामपुर, राजपुर, सनावल, रामचंद्रपुर, वाड्रफनगर, शंकरगढ़, रघुनाथनगर, रनहत और कुसमी के महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को प्लास्टिकमुक्त रखा गया। विद्यार्थियों ने अपनी रंगोलियों में आत्मनिर्भर भारत, ग्रामीण विकास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों को दर्शाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विकसित भारत 2047 को लेकर अपने विचार भी रखे।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने आयोजन को रचनात्मकता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने वाला बताया तथा प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। जनभागीदारी प्रबंध समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने प्लास्टिकमुक्त रंगोली आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रोस लिली बड़ा ने की।
निर्णायक मंडल ने विषय की अभिव्यक्ति, रचनात्मकता, प्रस्तुतीकरण और प्राकृतिक सामग्री के उपयोग के आधार पर मूल्यांकन किया। शासकीय महाविद्यालय राजपुर की अनुजा कश्यप एवं साथी प्रथम, शासकीय महाविद्यालय सनावल की मंजू सिंह एवं साथी द्वितीय तथा शासकीय महाविद्यालय राजपुर की शकुंतला कौशिक एवं साथी तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि डॉ. राकेश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि अश्विनी गुप्ता, जिला महामंत्री शर्मिला गुप्ता सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक, जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी मौजूद रहे। इसी क्रम में जिले के विद्यालयों में भी रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने प्राकृतिक सामग्री से अपनी रचनात्मकता प्रस्तुत की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

