home page

डीजे बंद कराने पर भड़के गणेश पूजा समिति के लोग, रामानुजगंज थाने का घेराव

 | 
डीजे बंद कराने पर भड़के गणेश पूजा समिति के लोग, रामानुजगंज थाने का घेराव


विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस ने डीजे बंद करने को कहा, करीब आधे घंटे तक थाने के बाहर जुटे रहे समिति के लोग; समझाइश के बाद लौटे

बलरामपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। गणेश पूजा विसर्जन को लेकर शनिवार को रामानुजगंज में उस समय स्थिति गरमा गई, जब पुलिस ने डीजे बंद करने को कहा। डीजे पर प्रतिबंध को लेकर पहले से जारी निर्देशों के बीच गणेश पूजा समिति के लोग पुलिस की कार्रवाई से नाराज हो गए और रामानुजगंज थाने का घेराव कर दिया। करीब आधे घंटे तक समिति के लोग थाने के बाहर मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल भी बुलाया।

बताया गया कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश में डीजे को लेकर प्रतिबंध लागू है। गणेशोत्सव से पहले रामानुजगंज में शांति समिति की बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें डीजे पर प्रतिबंध सहित त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए थे।

शनिवार को गणेश पूजा विसर्जन के लिए एक समिति के लोग डीजे के साथ थाना रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान रामानुजगंज पुलिस ने डीजे बंद करने के लिए कहा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद समिति के लोग नाराज हो गए और बड़ी संख्या में थाने पहुंचकर घेराव शुरू कर दिया। कुछ देर में थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और स्थिति को नियंत्रित किया। करीब आधे घंटे तक थाने के बाहर लोगों की मौजूदगी रही। पुलिस अधिकारियों ने समिति के लोगों को समझाइश देते हुए डीजे प्रतिबंध से संबंधित निर्देशों का पालन करने की बात कही। इसके बाद समिति के लोग वहां से वापस चले गए।

घटना के दौरान पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से संभालने का प्रयास किया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय