home page

रामानुजगंज में कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

 | 
रामानुजगंज में कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक


बलरामपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर के स्टेट बैंक रोड पर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़ा दुकान से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में दुकान के भीतर से आग की तेज लपटें उठने लगीं। सुबह की सैर पर निकले लोगों की नजर दुकान से निकल रहे धुएं पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल दुकान संचालक निहाल जायसवाल को घटना की जानकारी दी ।

सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू कर दिया, लेकिन आग काफी तेजी से दुकान के अंदर फैल चुकी थी। कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी परेशानी हुई।

दुकान के अंदर रखे कपड़ें और अन्य सामान आग की चपेट में आने के बाद तेजी से जलने लगे। दमकल वाहन की मदद से काफी देर तक पानी का छिड़काव किया गया, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि एक समय दमकल वाहन का पानी भी खत्म हो गया।

इसके बाद आग बुझाने के लिए नगर पालिका के पानी के टैंकर की मदद ली गई। स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए और बाल्टियों के जरिए पानी डालकर आग को नियंत्रित करने में दमकल कर्मियों का सहयोग किया। लगातार प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान जल चुका था।

अग्निकांड में दुकान में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ा और अन्य सामान नष्ट हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार नुकसान 50 लाख रुपये से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन दुकान में मौजूद सामान और अन्य सामग्री की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

आग किस वजह से लगी, यह अभी पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।

आग लगने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। नगर पालिका के युवा पार्षद पवन गुप्ता के साथ रवि रंजन पाल, अमित गुप्ता, रोहित गुप्ता सहित अन्य लोगों ने आग बुझाने में सहयोग किया।

दमकल वाहन का पानी समाप्त होने के बाद स्थानीय लोगों ने टैंकर से पानी मंगाकर आग पर लगातार पानी डाला। लोगों की सक्रियता और दमकल कर्मियों की मेहनत से आखिरकार आग को फैलने से रोक लिया गया।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और संबंधित विभाग घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। दुकान में आग कैसे लगी और इतनी तेजी से पूरे परिसर में कैसे फैल गई, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।

सुबह के समय हुई इस घटना से स्टेट बैंक रोड पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। आग पर काबू पाने के बाद ही आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय