भाई दूज पर महिलाओं ने निभाई गोधन कूटने की परंपरा, भाइयों की सुख-समृद्धि की कामना की
बलरामपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। रामानुजगंज में भाई दूज के अवसर पर महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ गोधन कूटने की रस्म निभाई। नगर के विभिन्न मोहल्लों में महिलाएं और युवतियां एकत्रित हुईं और सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर इस परंपरा का निर्वहन किया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार इस रस्म के माध्यम से बहनें अपने भाइयों के जीवन से संकट और बाधाएं दूर होने के साथ उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करती हैं। परंपरा के तहत मिट्टी से विभिन्न आकृतियां बनाई जाती हैं, जिन्हें प्रतीकात्मक रूप से भाई के शत्रुओं का प्रतीक माना जाता है। इसके बाद महिलाएं लकड़ी के गट्टे से उन आकृतियों को कूटती हैं। मान्यता है कि इस रस्म से भाइयों के जीवन में आने वाले संकटों और बाधाओं का नाश होता है।
इस दौरान महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक कथा, पूजन और लोकगीतों के साथ रस्म पूरी की। सामूहिक आयोजन में आपसी सहभागिता और उत्साह देखने को मिला। यह परंपरा भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और पारिवारिक एकता का संदेश देती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

