आंबेडकर जयंती पर निकली रैली, समाजजनों का दिखा उत्साह
धमतरी, 14 अप्रैल (हि.स.)। संविधान निर्माता बाबासाहेव आंबेडकर की जयंती अवसर पर मंगलवार 14 अप्रैल की बौद्ध समाज द्वारा जोधापुर स्थित आंबेडकर चौक में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद शहर में शोभायात्रा निकाली गई। यह शहर के घड़ी चौक सदर बाजार होते हुए रामबाग से दानीटोला स्थित अंबेडकर भवन पहुंची जहां पर सभा के रूप में परिचित हुई। इस कार्यक्रम में समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रम हुए। जयंती पर आंबेडकर चौक के पास पोहा और पूड़ी का प्रसाद बांटा गया। प्रसादी लेने लोगों की भीड़ लगी रही। इसी तरह से दानीटोला वार्ड के सामाजिक भवन में दिनभर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। इसी तरह से विधायक ओंकार साहू के निज निवास आमदी में आंबेडकर जयंती मनाई गई। भारत रत्न डा भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री साहू सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर संविधान निर्माता डा आंबेडकर के विचारों एवं उनके सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को याद किया गया। विधायक ओंकार साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि डा आंबेडकर के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता और न्याय की स्थापना संभव है। उन्होंने युवाओं से उनके विचारों को आत्मसात करने और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान हेतु कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सुनिता साहू, कविता साहू, ललिता पटेल, अनिता ठाकुर समेत कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे, जिन्होंने डा आंबेडकर के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

