home page

बलरामपुर : राजपुर में जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान, बंद नाली खुलवाकर बहाल की गई जल निकासी व्यवस्था

 | 
बलरामपुर : राजपुर में जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान, बंद नाली खुलवाकर बहाल की गई जल निकासी व्यवस्था


बलरामपुर, 13 जुलाई (हि.स.)।बलरामपुर जिले में मानसून के दौरान जलभराव की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय है। आज सोमवार कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर नगर पंचायत राजपुर में अग्रसेन भवन के पास बंद पड़ी नाली को खुलवाकर जल निकासी व्यवस्था बहाल कर दी गई, जिससे स्थानीय लोगों को जलभराव से राहत मिली।

जानकारी के अनुसार अग्रसेन भवन के समीप किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाली बंद कर दिए जाने के कारण बारिश का पानी जमा हो रहा था। इससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो रहा था और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की सूचना मिलते ही नगर पंचायत राजपुर की टीम मौके पर पहुंची और नाली में बने अवरोध को हटाकर उसकी पूरी सफाई कराई। इसके बाद जल निकासी व्यवस्था सुचारू हो गई और क्षेत्र में जमा पानी निकल गया।

कलेक्टर के निर्देशानुसार जिलेभर में वर्षा ऋतु के दौरान नालियों, नालों और जल निकासी तंत्र की नियमित निगरानी तथा साफ-सफाई कराई जा रही है, ताकि कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नालियों में कचरा न डालें और जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न करें। प्रशासन का कहना है कि जनसहयोग से ही स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त नगर का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय