बलरामपुर : बारिश ने खोली राजपुर तहसील भवन की पोल, कमरों में भरा पानी, जिले के सभी स्कूल आज बंद
बलरामपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में लगातार हो रही तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसका असर सरकारी दफ्तरों के कामकाज पर भी पड़ा है।
राजपुर तहसील कार्यालय के पुराने भवन में बारिश का पानी घुस गया है। कई कमरों में करीब आधा फीट पानी जमा होने से अधिकारी और कर्मचारी परेशान हैं। वहीं विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने आज 2 सितंबर को जिले के सभी स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित की है।
राजपुर तहसील कार्यालय के पुराने भवन की हालत पहले से खराब बताई जा रही है। लगातार बारिश के बीच छत और भवन के अलग-अलग हिस्सों से पानी टपकने लगा। देखते ही देखते कई कमरों में पानी जमा हो गया। कार्यालय परिसर में भी बारिश का पानी तेज धार के साथ बहता नजर आया।
कमरों में पानी भरने के कारण सरकारी फाइलों, दस्तावेजों और दूसरे जरूरी सामान को सुरक्षित रखने की चुनौती सामने आ गई है। कर्मचारियों को पानी के बीच काम करना पड़ रहा है। लगातार बारिश जारी रहने से स्थिति और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।
बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से राजपुर तहसील आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों के आसपास नदी-नाले उफान पर हैं और रास्तों पर पानी जमा है। ऐसे में लोग जरूरी सरकारी काम के लिए तहसील कार्यालय तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने पुराने भवन की स्थिति को देखते हुए नए तहसील भवन की मंजूरी की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान हर साल इसी तरह की परेशानी सामने आती है।
भारी बारिश को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने 2 सितंबर को जिले के सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
प्रशासन और पुलिस की टीमें संवेदनशील इलाकों पर नजर रख रही हैं। लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है। तेज बहाव वाले पानी को पार नहीं करने की भी सलाह दी गई है। लगातार बारिश के बीच जिले में सामान्य जनजीवन प्रभावित बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

