home page

हीरापुर रिंग रोड पर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 ट्रक-ट्रेलरों का चालान

 | 
हीरापुर रिंग रोड पर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 ट्रक-ट्रेलरों का चालान


रायपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में रायपुर यातायात पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 22 जुलाई 2026 को यातायात थाना टाटीबंद क्षेत्र के हीरापुर रिंग रोड एवं सर्विस रोड पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े पाए गए 20 ट्रक एवं ट्रेलर वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होता है, वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होती है तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

कार्रवाई के दौरान ट्रक चालकों एवं वाहन मालिकों को सड़क किनारे अवैध पार्किंग नहीं करने, केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई किए जाने की अंतिम चेतावनी भी दी गई।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि, मुख्य मार्ग एवं सर्विस रोड पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग न करें। यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर