रायपुर प्रेस क्लब के सदस्यों को आवास के लिए जमीन दिलाने की कवायद तेज
नवा रायपुर में जमीन आवंटन को लेकर सरकार से संवाद करेगी वरिष्ठ पत्रकारों की कमेटी
रायपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। रायपुर प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने प्रेस क्लब के सदस्यों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। राजनांदगांव और बिलासपुर की तर्ज पर रायपुर के पत्रकारों को भी आवास के लिए जमीन या आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रेस क्लब की ओर से शासन स्तर पर लगातार संवाद और पत्राचार किया जा रहा है।
प्रेस क्लब की ओर से शासन को भेजे गए प्रस्ताव और अब तक हुए संवाद के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने पत्रकारों को जमीन उपलब्ध कराने से जुड़े प्रकरण को आवास एवं पर्यावरण विभाग को भेज दिया है। अब इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रेस क्लब ने वरिष्ठ पत्रकारों से चर्चा शुरू की है।
इसी सिलसिले में रायपुर प्रेस क्लब में वरिष्ठ पत्रकारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने जमीन आवंटन को लेकर शासन के साथ अब तक हुए पत्राचार और बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने फरवरी, जून और अगस्त में शासन को भेजे गए पत्रों तथा प्रकरण की वर्तमान स्थिति से भी वरिष्ठ पत्रकारों को अवगत कराया।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारों के आवास से जुड़े इस मुद्दे को महत्वपूर्ण बताते हुए इसे आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। बैठक में वरिष्ठ पत्रकारों की एक कमेटी बनाने पर सहमति बनी। यह कमेटी सरकार और संबंधित विभागों के साथ संवाद कर जमीन आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि रायपुर प्रेस क्लब के अधिक से अधिक सदस्यों को इस योजना का लाभ मिल सके, इसके लिए कमेटी के सुझावों के आधार पर प्रस्ताव और आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, रामावतार तिवारी और बृजेश चौबे, नवभारत के वाइस प्रेसिडेंट उमाशंकर व्यास, वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, आज की जनधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्रा, नवप्रदेश के प्रधान संपादक यशवंत धोटे, हरिभूमि के संपादक ब्रह्मवीर सिंह, वरिष्ठ पत्रकार शेख स्माइल, राजेश जॉन पॉल, प्रफुल्ल पारे और संदीप पुराणिक सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि पत्रकारों के लिए आवास की सुविधा लंबे समय से एक महत्वपूर्ण जरूरत रही है। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का प्रयास है कि शासन के सहयोग से इस दिशा में ठोस पहल की जाए। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में पत्रकारों को जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना प्रेस क्लब की प्राथमिकताओं में शामिल है। वरिष्ठ पत्रकारों की सलाह से जल्द कमेटी गठित कर सरकार के साथ लगातार संवाद किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

