स्वतंत्रता दिवस : आठ सौ से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान संभाल रहे सुरक्षा की कमान, एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर 24 घंटे नाकेबंदी
रायपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के मद्देनजर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कमिश्नरेट के तीनों जोन में विशेष सुरक्षा एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर के सभी प्रमुख एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट पर 24 घंटे नाकेबंदी कर सघन वाहन चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही होटल, लॉज, सराय, धर्मशाला सहित अन्य ठहरने वाले स्थानों की भी सघन जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आदतन बदमाशों, निगरानीशुदा व्यक्तियों एवं संदिग्धों की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत आईटीएमएस के माध्यम से वाहनों एवं यातायात गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। वहीं, सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए ड्रोन के जरिए भी संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।
पूरे सुरक्षा अभियान के दौरान 800 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। पुलिस का फोकस स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शहर में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने पर है।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

