दाे नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में होगा भव्य एयर शो, पांच हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब
रायपुर, 29 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम द्वारा भव्य एयर शो प्रस्तुत किया जाएगा। सुबह 11 बजे से प्रारंभ होने वाले इस विशेष हवाई प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में अद्भुत सामंजस्य, सटीक उड़ान और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे।
एयर शो के दौरान दर्शकों को हेलीकॉप्टरों की विभिन्न आकर्षक संरचनाएं, समन्वित उड़ानें और रोमांचकारी हवाई गतिविधियां देखने का अवसर मिलेगा। अत्यंत नजदीकी सामूहिक उड़ान और निर्धारित संरचनाओं में हेलीकॉप्टरों का सटीक संचालन सारंग टीम की विशेष पहचान है। राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित यह प्रदर्शन समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।
इस आयोजन के माध्यम से प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट कार्यकुशलता और आधुनिक विमानन तकनीक से परिचित होने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के लिए यह आयोजन विमानन, विज्ञान, तकनीक और रक्षा सेवाओं के क्षेत्र में नई संभावनाओं को जानने तथा अपने भविष्य के लिए प्रेरणा प्राप्त करने का माध्यम बनेगा।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टर करेंगे हवाई प्रदर्शन
सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अक्षया भी शामिल हैं। टीम के सदस्य पांच हेलीकॉप्टरों के माध्यम से आसमान में विभिन्न रोमांचक संरचनाओं और साहसिक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगे।
ग्रुप कैप्टन कुमार ने कहा कि, सारंग टीम का उद्देश्य केवल दर्शकों को रोमांचक हवाई करतब दिखाना नहीं है, बल्कि युवाओं को साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी है। भारतीय वायु सेना में युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को निखारने तथा देश की सेवा करने के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सपनों की उड़ान के लिए पूरा आसमान संभावनाओं से भरा हुआ है। आवश्यकता केवल अपने सपनों पर विश्वास करने, दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करने की है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य कितना भी ऊंचा क्यों न हो, समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम से उसे प्राप्त किया जा सकता है।
ग्रुप कैप्टन कुमार ने बताया कि विश्व में हेलीकॉप्टरों के माध्यम से इस प्रकार के एयरोबैटिक प्रदर्शन करने वाली चुनिंदा तीन टीमें हैं, जिनमें भारतीय वायु सेना की सारंग टीम भी शामिल है। सारंग टीम की विशेषता यह है कि इसके पांच हेलीकॉप्टर अत्यंत सटीक समन्वय के साथ सामूहिक उड़ान और रोमांचक हवाई करतब प्रस्तुत करते हैं। इस प्रकार के प्रदर्शन के लिए पायलटों के बीच असाधारण तालमेल, एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और उच्चस्तरीय तकनीकी दक्षता आवश्यक होती है।
सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों का आकर्षक रंग संयोजन और विशेष डिजाइन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। आसमान में इन रंग-बिरंगे हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान दर्शकों के लिए अत्यंत मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करती है। हेलीकॉप्टरों का संतुलित संचालन, निर्धारित दूरी पर उड़ान और एक साथ बदलती संरचनाएं दर्शकों को रोमांचित करती हैं।
नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित इस एयर शो के माध्यम से प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना के शौर्य, अदम्य साहस और उत्कृष्ट उड़ान कौशल को निकट से देखने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

