26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में रायपुर बना ओवरऑल चैंपियन
धमतरी, 23 अगस्त (हि.स.)। धमतरी जिले में आयोजित चार दिवसीय 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का रविवार को उत्साह और उमंग के बीच भव्य समापन हुआ। प्रदेशभर से पहुंचे करीब 550 खिलाड़ियों ने कुश्ती और टेबल टेनिस की विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर रायपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम और महापौर रामू रोहरा ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को शील्ड और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन धमतरी के लिए गौरव का विषय है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें बड़े मंच पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। सिहावा विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि खेल में जीत के साथ हार भी महत्वपूर्ण सीख देती है। खिलाड़ियों को अपनी कमियों को पहचानकर भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयास करना चाहिए। महापौर रामू रोहरा ने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, प्रशिक्षकों और सहयोगियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए मजबूत मंच प्रदान करती हैं। कुश्ती स्पर्धा में बिलासपुर, रायपुर और बस्तर संभाग का दबदबा रहा।
फ्रीस्टाइल अंडर-14 बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और बिलासपुर तृतीय रहा। अंडर-14 बालिका वर्ग में बस्तर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा। अंडर-17 बालिका वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय और दुर्ग ने तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि अंडर-17 बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और बस्तर तृतीय रहा। अंडर-19 बालिका वर्ग में बस्तर प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-19 बालक वर्ग में रायपुर ने पहला, दुर्ग ने दूसरा और सरगुजा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। टेबल टेनिस में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 14 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और बिलासपुर तृतीय रहा। 14 वर्ष बालिका वर्ग में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा।
17 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम, दुर्ग ने द्वितीय और रायपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। 17 वर्ष बालिका वर्ग में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय और बस्तर तृतीय रहा। 19 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहे, जबकि 19 वर्ष बालिका वर्ग में दुर्ग प्रथम, बस्तर द्वितीय और रायपुर तृतीय रहा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और चिकित्सा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। आयोजन ने जिले में खेलों के प्रति उत्साह का माहौल बनाया। समापन अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, खेल प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हरीश देवांगन ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

