home page

चक्रवाती तूफान का असर: जांजगीर-चांपा में 27 से 29 अक्टूबर तक बारिश की संभावना, प्रशासन अलर्ट

 | 
चक्रवाती तूफान का असर: जांजगीर-चांपा में 27 से 29 अक्टूबर तक बारिश की संभावना, प्रशासन अलर्ट


जांजगीर-चांपा, 25 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 27 से 29 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना को देखते हुए जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। संभावित बारिश और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आज अधिकारियों की बैठक लेकर आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। जिला एवं तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने के साथ ही मैदानी अमले को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

प्रशासन ने विशेष रूप से शिवरीनारायण सहित महानदी और हसदेव नदी के आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को संभावित खतरे के प्रति जागरूक करने के लिए मुनादी कराने को कहा गया है। इसके अलावा नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों को संभावित जलभराव से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में गंगरेल और बांगो बांध से पानी छोड़े जाने की संभावित स्थिति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बांधों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में संबंधित विभाग समय पर सूचना साझा करें, ताकि नदी किनारे के क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा सकें।

कलेक्टर ने जिला आपदा राहत बल (DDRF) को आवश्यक संसाधनों और तैयारियों के साथ सतर्क रहने तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं का पालन करें। विशेष रूप से नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। बैठक में अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी भी उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT