बठेना वार्ड का रेलवे अंडरब्रिज बना मुसीबत, किसानों की बढ़ी परेशानी
धमतरी, 26 मई (हि.स.)। शहर के बठेना वार्ड स्थित रेलवे अंडरब्रिज अब किसानों और ग्रामीणों के लिए सुविधा नहीं, बल्कि बड़ी मुसीबत बन चुका है। स्थायी जलभराव, अंडरब्रिज की कम ऊंचाई और जिला जेल का गंदा पानी कृषि भूमि में पहुंचने से नाराज किसानों एवं वार्डवासियों ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।
बठेना वार्ड के कांशी राम यादव, नरोत्तम साहू, राजकुमार यादव, देवकी एवं शकुन सिन्हा ने बताया कि किसानों और क्षेत्रवासियों की आवाजाही को सुगम बनाने के उद्देश्य से बनाए गए अंडरब्रिज की स्थिति अब बेहद खराब हो चुकी है। अंडरब्रिज की ऊंचाई कम होने के कारण ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, कृषि यंत्र और अन्य बड़े वाहन आसानी से नहीं निकल पाते। कई बार वाहन बीच रास्ते में फंस जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। किसानों को खेतों तक खाद, बीज और फसल पहुंचाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि, अंडरब्रिज में जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके चलते पूरे साल यहां पानी और कीचड़ जमा रहता है। बारिश के दिनों में हालात और बदतर हो जाते हैं। वहीं जिला जेल से निकलने वाला गंदा पानी खेतों में पहुंचने से कृषि भूमि खराब हो रही है और फसलों को नुकसान पहुंच रहा है।वार्डवासियों ने बताया कि अंडरब्रिज की बदहाल स्थिति के कारण किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। मोटरसाइकिल चालक और पैदल राहगीर अक्सर पानी और कीचड़ में फिसलकर घायल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि मजबूरी में लोगों को ग्राम शंकरदाह, अधारी नवागांव और सेहराडबरी होकर लगभग पांच किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है। इससे समय, श्रम और ईंधन की अतिरिक्त खपत के साथ आर्थिक बोझ सहना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल स्थल निरीक्षण कराया जाए। अंडरब्रिज में स्थायी जल निकासी व्यवस्था बनाई जाए। नियमित सफाई कराई जाए और बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए इसकी ऊंचाई बढ़ाई जाए। साथ ही स्थायी समाधान होने तक सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की भी मांग की है। इस दौरान उमा साहू, ललित साहू, सरस्वती यादव, पूर्णिमा गोस्वामी, सरिता साहू, रेणुका साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

