home page

रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन होने का असर बस्तर की ट्रेनों पर

 | 
रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन होने का असर बस्तर की ट्रेनों पर


रायपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। आंध्र प्रदेश में रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन होने का असर बस्तर की ओर आने-जाने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा है। रेलवे के आदेश के अनुसार बस्तर क्षेत्र की रेल सेवाएं 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक प्रभावित रहेंगी, जिसके चलते कई ट्रेनें रद्द या शॉर्ट-टर्मिनेट की गई हैं।

दक्षिण तट रेलवे ने विशाखापट्टनम डिवीजन के एमवीजी और सीटीएस स्टेशनों के बीच भूस्खलन के कारण ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। रेलवे के आदेश के अनुसार, दो एक्सप्रेस ट्रेनें 13 से 20 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी, जबकि चार अन्य ट्रेनों को कोरापुट स्टेशन तक ही चलाया जाएगा। भूस्खलन के कारण विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस (18515/18516) और राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस (18107/18108) जैसी प्रमुख ट्रेनें निर्धारित तिथियों पर पूरी तरह रद्द रहेंगी। इसके अलावा, हावड़ा-जगदलपुर, भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस और विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर सहित कई अन्य ट्रेनें केवल कोरापुट स्टेशन तक ही संचालित होंगी ।

रेलवे ने विशाखापट्टनम से किर्लामुडी जाने वाली ट्रेन नंबर 18515 और किर्लामुडी से विशाखापट्टनम आने वाली ट्रेन नंबर 18516 को 13 से 20 अक्टूबर तक रद्द कर दिया है। भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस (18447) को 13 से 20 अक्टूबर तक कोरापुट में ही समाप्त किया जाएगा। वहीं, जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस (18448) 14 से 21 अक्टूबर तक कोरापुट से ही रवाना होगी। इस बदलाव के कारण दोनों ट्रेनों की यात्रा कोरापुट से आगे या पीछे प्रभावित रहेगी।

विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर ट्रेन नंबर 58501 को 13 से 20 अक्टूबर तक कोरापुट में ही समाप्त किया जाएगा। वहीं, किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर ट्रेन नंबर 58502 इसी अवधि में कोरापुट से ही शुरू होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा