home page

रायगढ़ स्टेशन पर रेलवे का बड़ा एक्शन: नाका टिकट चेकिंग अभियान में 440 मामले पकड़े गए

 | 
रायगढ़ स्टेशन पर रेलवे का बड़ा एक्शन: नाका टिकट चेकिंग अभियान में 440 मामले पकड़े गए


- ₹2.46 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

रायगढ़, 27 मई (हि.स.)। बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले रायगढ़ रेलवे स्टेशन में रेलवे प्रशासन ने बिना टिकट यात्रा करने वालों और नियमों की अनदेखी करने वाले यात्रियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की। “नाका टिकट चेकिंग अभियान” के तहत पूरे स्टेशन परिसर और गुजरने वाली ट्रेनों में व्यापक स्तर पर टिकट जांच की गई। इस विशेष अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने 18 ट्रेनों की गहन जांच करते हुए कुल 440 मामलों में कार्रवाई की और ₹2 लाख 46 हजार 231 रुपये का जुर्माना वसूला।

इस संबंध में रेरेलवे प्रशासन ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई है, वहीं नियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों ने इस अभियान की सराहना की है। रेलवे प्रशासन द्वारा चलाया गया यह अभियान यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करने, ट्रेनों में बढ़ रही बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा रेल सेवाओं को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से संचालित किया गया।

रेलवे की ओर से बताया गया कि उक्‍त अभियान मंगलवार दिन भर जारी रखा गया था, जिसमें कि रायगढ़ स्टेशन पर सुबह से ही टिकट जांच टीम सक्रिय रही और स्टेशन परिसर से लेकर प्लेटफॉर्म एवं ट्रेनों के विभिन्न कोचों में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान ने किया। उनके निर्देशन में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी बनाई गई थी ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

इस दौरान यह भी बताया गया कि जांच में सबसे अधिक मामले बिना टिकट यात्रा करने वालों के सामने आए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कुल 294 यात्रियों को बिना वैध टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जिनसे ₹1 लाख 90 हजार 16 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 111 यात्री ऐसे पाए गए जो अनियमित टिकट के साथ यात्रा कर रहे थे। इन मामलों में रेलवे प्रशासन ने ₹52 हजार 715 रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं बिना बुक किए सामान अथवा लगेज लेकर यात्रा करने वाले 30 मामलों में भी कार्रवाई की गई, जिनसे ₹3 हजार रुपये वसूले गए।

इसके अलावा रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने वाले पांच लोगों पर भी जुर्माना लगाया गया और उनसे ₹500 की राशि वसूल की गई। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के अभियान लगातार आगे भी जारी रहेंगे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा है कि स्टेशन परिसर में प्रवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें और यात्रा के दौरान अपने टिकट को सुरक्षित रखें। इसके साथ ही एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का ही उपयोग करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। रेलवे ने यह भी कहा कि रेलगाड़ी और रेलवे परिसर राष्ट्रीय संपत्ति हैं, इसलिए इन्हें स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यात्रियों से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान