रायगढ़ के छातामुड़ा बाईपास में कबाड़ दुकान में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
रायगढ़ 23 मई (हि.स.)। रायगढ़ शहर के छातामुड़ा बाईपास रोड पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कबाड़ दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। घटना स्थल के ठीक बगल में हीरो मोटरसाइकिल शोरूम होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बाल्टियों और पाइप के जरिए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कबाड़ दुकान में प्लास्टिक, रबर और अन्य ज्वलनशील सामान रखे होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। इससे आसपास की दुकानों में भी आग फैलने का खतरा पैदा हो गया।
घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम वाहन सहित मौके के लिए रवाना हुई और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। स्थानीय लोग भी दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुटे रहे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान और वाहन शोरूम मौजूद हैं, जिन तक आग पहुंचने की आशंका बनी हुई थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

