home page

राहुल गांधी का प्रस्तावित बस्तर प्रवास, बोधघाट परियोजना के प्रभावितों से मिलेंगे : दीपक बैज

 | 
राहुल गांधी का प्रस्तावित बस्तर प्रवास, बोधघाट परियोजना के प्रभावितों से मिलेंगे : दीपक बैज


जगदलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार काे बताया कि कांग्रेस के लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जल्द ही छत्तीसगढ़ के प्रस्तावित बस्तर संभाग का प्रवास पर पहुंचेंगे। अपने इस प्रवास के दौरान वे बोधघाट बहुउद्देशीय परियोजना से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों और किसानों से सीधे संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बस्तर के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उनके अधिकारों से कोई समझौता नहीं होने देगी।

दीपक बैज ने बताया कि हाल ही में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने बस्तर का सघन दौरा कर जमीनी हकीकत जानी है और ग्रामीणों की चिंताओं को सुना है। ग्रामीणों की मांग और विस्थापन के अंदेशे को देखते हुए अब राष्ट्रीयस्तर पर आवाज उठाने के लिए राहुल गांधी बस्तर आ रहे हैं। उनके दौरे का विस्तृत कार्यक्रम जल्द तय किया जाएगा। कांग्रेस का दावा है कि इस परियोजना के कारण स्थानीय जनजातीय आबादी की आजीविका और सांस्कृतिक अस्मिता पर गहरा असर पड़ सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की ऊर्जा व्यवस्था को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर योजना को जनविरोधी करार देते हुए कहा कि आम नागरिक अनाप-शनाप बिलों और तेज रीडिंग से त्रस्त हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग से जुड़े सहमति पत्र भरवा रहे हैं, जिसे जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे