home page

राहौद में अवैध महुआ शराब के ठिकानों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 लीटर शराब जब्त

 | 
राहौद में अवैध महुआ शराब के ठिकानों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 लीटर शराब जब्त


जांजगीर-चांपा, 12 अगस्त (हि. स.)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राहौद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने आज बुधवार को अवैध कच्ची महुआ शराब बनाने और बेचने वाले ठिकानों पर दबिश देकर 12 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान करीब 5 क्विंटल महुआ लाहान को मौके पर नष्ट किया गया। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाले बर्तन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस सहायता केंद्र राहौद प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार राहौद क्षेत्र में अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना मिलने के बाद टीम ने संबंधित ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान शराब बनाने के लिए तैयार किए गए महुआ लाहान का बड़ा भंडार मिला। मौके से लगभग 5 क्विंटल महुआ लाहान बरामद कर उसे नष्ट किया गया, ताकि उससे अवैध शराब का निर्माण न किया जा सके।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राहौद निवासी माया शंकर गोड के कब्जे से 12 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब भी बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस टीम ने शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले बर्तन और अन्य सामग्री को भी जब्त किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार /लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT