home page

घर बैठे टैक्स भुगतान की सुविधा शुरू, जशपुर नगर पालिका में क्यूआर कोड सिस्टम का शुभारंभ

 | 
घर बैठे टैक्स भुगतान की सुविधा शुरू, जशपुर नगर पालिका में क्यूआर कोड सिस्टम का शुभारंभ


घर बैठे टैक्स भुगतान की सुविधा शुरू, जशपुर नगर पालिका में क्यूआर कोड सिस्टम का शुभारंभ


अंबिकापुर, 29 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार काे जशपुर नगर पालिका में डिजिटल डोर सुविधा का शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था के तहत अब शहर के नागरिक घर बैठे ही क्यूआर कोड के माध्यम से जलकर, संपत्ति कर और दुकान कर का भुगतान आसानी से कर सकेंगे। इसके लिए एचडीएफसी बैंक ने नगर पालिका जशपुर को विशेष क्यूआर कोड प्रणाली उपलब्ध कराई है।

इस डिजिटल पहल के लागू होने के बाद नागरिकों को अब टैक्स जमा करने के लिए नगर पालिका कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हर घर के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड तैयार किया गया है, जिसे संबंधित मकानों पर चस्पा किया जा रहा है। इस क्यूआर कोड में मकान मालिक का नाम, घर का नंबर, मोबाइल नंबर और बकाया कर की पूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी, जिससे भुगतान प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व सरल हो जाएगी।

नगर पालिका के अनुसार, इस प्रणाली से नगरीय क्षेत्र के सभी नागरिक आसानी से अपने कर का भुगतान कर सकेंगे और राजस्व संग्रहण में भी तेजी आएगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास, नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय, एचडीएफसी बैंक के रीजनल मैनेजर सराफत अली और शाखा प्रबंधक दीपक दास सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि यह प्रॉपर्टी टैक्स इंफॉर्मेशन सिस्टम एक आधुनिक आईसीटी आधारित व्यवस्था है, जो राजस्व संग्रहण को पारदर्शी, कुशल और सरल बनाती है। वर्तमान में इस प्रणाली के तहत लगभग 4600 हाउसहोल्ड को जोड़ा गया है, जिसमें आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक संपत्तियां शामिल हैं।

क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान करने के लिए नागरिकों को डीडीएन नंबर, मोबाइल नंबर या प्रॉपर्टी आईडी दर्ज करनी होगी। इसके बाद टैक्स राशि, बकाया और देय राशि की पुष्टि कर यूटीआई, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के विकल्प से सुरक्षित भुगतान किया जा सकेगा। भुगतान पूर्ण होने पर डिजिटल रसीद भी तुरंत प्राप्त होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह