सशक्त नारी, युवा उड़ान के संकल्प के साथ मिली जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात
जगदलपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम सशक्त नारी, युवा उड़ान की प्रेरणादायी थीम के तहत संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, उपकरण और जरूरी सामग्रियां प्रदान कर लाभान्वित किया।
इस मौके पर उन्होंने तीन हितग्राहियों को उनके अपने आशियाने की खुशियों की चाबी सौंपी और बारह पशु सखियों को विभागीय किट प्रदान कर उनके कार्यों को गति दी। कृषि यांत्रिकीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में ग्राम तेलीमारेंगा के फार्म मशीनरी बैंक के हितग्राही महादेव मौर्य को 14 लाख रुपये का चेक मंच से प्रदान किया गया।
समारोह में विभिन्न विभागों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को संबल प्रदान करने का प्रयास प्रत्यक्ष रूप से दिखाई दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत महतारी वंदन योजना की हितग्राही श्रीमती लक्ष्मी बघेल व श्रीमती मीना यादव, तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना की लाभार्थी श्रीमती सुप्रिया कुमरेकर व श्रीमती मारथा दास को योजनाओं का लाभ सौंपा गया। इसी क्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बालिकाओं सना कौसर, अक्षिता बाजपेयी, आरनशी गुप्ता, इच्छा झा, अनुषा यादव और मोनिका सोनी को भी मंच पर प्रोत्साहित व सम्मानित किया गया।
समारोह में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और सुगम जीवन के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से पंकज, प्रकाश और रणवीर को ब्रेल किट, बबलू को स्मार्ट केन, मनीष कश्यप, दिवेश्वर, मनोज और लखेश्वर को श्रवण यंत्र तथा आशीष और खोड़सू को व्हीलचेयर प्रदान की गई।
वहीं राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से स्वामित्व योजना के तहत ग्राम घाटपदमुर के लखेश्वर, शांति, रामू और मयावती को अधिकार अभिलेख सौंपकर उनकी भूमि का मालिकाना हक सुनिश्चित किया गया। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाते हुए डोंगाघाट आसना निवासी बाढ़ आपदा प्रभावित हितग्राही महेंद्र सिंह ठाकुर को 1,32,500 रुपये और झिटकू बघेल को 1,30,000 रुपये की मकान क्षति सहायता राशि के चेक सौंपे गए। इसके अतिरिक्त कृषि एवं अन्य संबंद्ध विभागों द्वारा स्थानीय कृषकों तथा महिला समूहों को आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से जाल और आइस बॉक्स सहित विभिन्न कृषि सामग्रियों का वितरण किया गया।
इस दाैरान महापौर संजय पाण्डे, निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, संभाग आयुक्त डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित अनेक पार्षद, प्रशासनिक अधिकारी और विशाल जनसमुदाय उपस्थित रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

