कोरबा कलेक्टर जनदर्शन में सुनी गईं जनसमस्याएं
कोरबा, 09 मार्च (हि.स.)। आज सोमवार को कोरबा जिला कार्यालय में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं, शिकायतों और मांगों को गंभीरता से सुना। जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदकों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए और अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनदर्शन के दौरान बालको निवासी दिव्यांग प्रदीप कुमार राठौर ने नई ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक समाज कल्याण को निर्देशित करते हुए कहा कि ट्राइसाइकिल और सहायक उपकरण की आवश्यकता वाले सभी दिव्यांगों के आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही जिन दिव्यांगों का प्रमाण पत्र नहीं बना है, उनका प्रमाण पत्र बनवाने में भी सहयोग करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्राप्त सभी दिव्यांगों से संपर्क कर उनकी स्थिति की जानकारी ली जाए और खराब ट्राइसाइकिलों की मरम्मत कराई जाए, जबकि जरूरतमंदों को नई ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाए।
जनदर्शन में कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों ने भी आर्थिक सहायता की मांग की। आवेदक विपेंद्र कुमार राठौर ने अपने पुत्र देवांश राठौर के हृदय में छेद की बीमारी के इलाज के लिए सहायता मांगी, वहीं लक्ष्मी देवी मांझी ने अपने पुत्र दक्ष मांझी के हृदय वाल्व से जुड़ी बीमारी के उपचार के लिए मदद की मांग की। संतोष मानिकपुरी ने टेट्रा प्लेजिया रोग के बेहतर इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। कलेक्टर ने इन सभी मामलों को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भेजते हुए पीड़ितों को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
83 वर्षीय बुजुर्ग मनहरण प्रसाद त्रिवेदी ने बैंक से अपनी जमा राशि निकालने में आ रही परेशानी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था के कारण हस्ताक्षर का मिलान नहीं होने से बैंक से राशि निकालने में कठिनाई हो रही है। इस पर कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को मामले की जांच कर बुजुर्ग को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बालको निवासी तारा सोनी सहित अन्य आवेदकों ने अपने पास मकान नहीं होने की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की मांग की। कलेक्टर ने कहा कि जिन हितग्राहियों के पास स्वयं की जमीन नहीं है, उन्हें नगर के दादर खुर्द में निर्मित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने निगम आयुक्त को आवास की आवश्यकता वाले लोगों से आवेदन लेकर आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में सीमांकन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आरबीसी 6-4 के तहत राहत राशि, मुआवजा वितरण, नक्शा सुधार, प्रधानमंत्री आवास की राशि, बिजली आपूर्ति सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े कुल 100 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर आवेदकों को समय पर राहत देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

