स्मार्ट मीटर और महंगी बिजली काे लेकर जनआंदोलन एक अगस्त से, दाे महीने चलेगा आंदाेलन : दीपक बैज
रायपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने प्रदेश में स्मार्ट मीटर और महंगी बिजली काे लेकर जनआंदोलन बनाने की घाेषणा कर दिया है। आंदोलन की शुरुआत एक अगस्त से होने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज शुक्रवार काे पत्रकारवार्ता कर दाे महीने तक आंदोलन चलाने की घोषणा की।
दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता महंगी बिजली बिल से त्रस्त है। स्मार्ट मीटर लूट का मीटर बन गया है। बिजली में राज्य सरप्लस है। बावजूद इसके राज्य की जनता को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। बिजली के दाम में लगातार वृद्धि कर जनता पर महंगाई का भार डाला जा रहा है। बेहिसाब मीटर घूम रहा है और हजारों का बिल थमाया जा रहा है।
बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार में हॉफ बिजली की योजना थी, इसे बंद कर दिया गया है। हमारी मांग है कि 400 यूनिट तक हाॅफ बिजली बिल योजना को शुरू किया जाए। स्मार्ट मीटर को तत्काल हटाया जाए, इसे जनता पर थोपा न जाए। जबरन लोगों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाया उसे हटाया जाए।
इन मांगों को लेकर कांग्रेस दाे महीने तक कई चरणों में आंदोलन चलाएगा। शुरुआत एक अगस्त को सभी जिलों में पत्रकारवार्ता के साथ होगी। इसके साथ ही सभी घरों में जाकर महंगी बिजली और स्मार्ट के विरोध में फार्म भरवाया जाएगा। वहीं पंचायत, ब्लॉक, जिला से लेकर प्रदेश तक प्रदर्शन किया जाएगा। दाे महीने बाद मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

