home page

भरदा में प्रस्तावित शासकीय शराब दुकान के विरोध में उतरे ग्रामीण

 | 
भरदा में प्रस्तावित शासकीय शराब दुकान के विरोध में उतरे ग्रामीण


धमतरी, 14 मई (हि.स.)। धमतरी जिले के कुरूद ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत कोंडापार के आश्रित ग्राम भरदा में प्रस्तावित शासकीय शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। इसी कड़ी में गुरुवार को भरदा के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर और जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए जनहित में शराब दुकान के प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने मांग की।

ग्रामीण आजूराम टंडन, विनोद बारले, चिंतामणि वैष्णव, चमेली एवं बिंदा बाई ने बताया कि ग्राम पंचायत कोंडापार के आश्रित ग्राम भरदा एवं आसपास क्षेत्र में शासकीय शराब दुकान प्रस्तावित की जा रही है, इसका ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम कोंडापार क्षेत्र में पहले से ही अवैध शराब बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं। वहीं भरदा गांव अब तक इस तरह की गतिविधियों से दूर रहा है। यहां की जनसंख्या लगभग 150 है। गांव की अधिकांश महिलाएं खेतीहर मजदूरी से जुड़ी हैं और उनका खेत-खलिहानों में लगातार आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में प्रस्तावित शराब दुकान खुलने से बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ सकती है, इससे महिलाओं की सुरक्षा और गांव के सामाजिक वातावरण पर असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने चिंता जताई कि शराब दुकान खुलने से बच्चों और युवाओं में नशे की लत बढ़ सकती है। इससे सामाजिक, पारिवारिक और ग्रामीण व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा। शांत और ग्रामीण परिवेश वाले भरदा में शराब दुकान खोले जाने का निर्णय जनभावनाओं के विपरीत है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शासकीय शराब दुकान को तत्काल निरस्त किया जाए। इस अवसर पर गिरवर बारले, सरस्वती, कुमारी बाई, करुणा, लक्षवंतीन, उर्मिला, घसनिन, श्याम बाई बारले सहित अन्य ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा