कोरबा में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, देशी धान ‘बौना सफरी’ की उपज का हुआ आकलन
सेन्द्रीपाली में 25 वर्गमीटर क्षेत्र की फसल कटाई से प्रति एकड़ 22 क्विंटल उत्पादन का अनुमान
टीसीबीटी पद्धति से खेती कर रहे किसान के खेतों का किया गया अवलोकन
कोरबा, 15 नवंबर (हि.स.)। जिले में कम लागत वाली प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए रविवार को पाली विकासखंड के ग्राम सेन्द्रीपाली में किसान संवाद एवं फसल अवलोकन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रगतिशील किसान उमाशंकर कोर्राम के खेत में टीसीबीटी पद्धति से उगाई गई देशी धान की किस्म ‘बौना सफरी’ की फसल कटाई कर उपज का आकलन किया गया। प्रारंभिक आकलन में प्रति एकड़ लगभग 22 क्विंटल उत्पादन होने का अनुमान सामने आया।
कार्यक्रम में टीसीबीटी पद्धति के संस्थापक ताराचंद बेलजी ने किसान उमाशंकर कोर्राम के खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिना रासायनिक खाद एवं अन्य रासायनिक आदानों के उगाई जा रही देशी धान, अरहर, अदरक और हल्दी की फसलों का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों को खेती की लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और कृषि आय बढ़ाने के लिए प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी।
धान की उपज का आकलन करने के लिए खेत में 5 मीटर लंबाई और 5 मीटर चौड़ाई यानी कुल 25 वर्गमीटर क्षेत्र की फसल काटी गई। इस क्षेत्र से 13.99 किलोग्राम सूखा धान प्राप्त हुआ। इसके आधार पर प्रति एकड़ लगभग 22 क्विंटल उत्पादन का अनुमान लगाया गया।
ताराचंद बेलजी ने किसानों को शुरुआत में कम से कम 20 डिसमिल जमीन पर टीसीबीटी पद्धति अपनाकर खेती करने और प्राप्त परिणामों का स्वयं आकलन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती के माध्यम से किसान कृषि लागत कम करने के साथ भूमि की सेहत को भी बेहतर बनाए रख सकते हैं।
इस अवसर पर उप संचालक कृषि ने किसानों से टीसीबीटी पद्धति में ऊर्जा जल, अणु जल, जैव रसायन और पतवार रसायन के उपयोग तथा इसके परिणामों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग वैकल्पिक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
सेन्द्रीपाली में आयोजित इस कार्यक्रम से स्थानीय किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीक, फसल प्रबंधन और उत्पादन के आकलन की जानकारी मिली। देशी धान ‘बौना सफरी’ की उपज का प्रदर्शन कम लागत वाली खेती के विकल्प तलाश रहे किसानों के लिए महत्वपूर्ण रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

