home page

बलरामपुर : जांच में निजी भूमि पर स्वयं के खर्च से तटबंध निर्माण की पुष्टि

 | 

बलरामपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। वर्क ऑर्डर से पहले आनन-फानन में तटबंध निर्माण और पहली बारिश में उसके धराशायी होने के मामले की जांच में निर्माण निजी भूमि पर स्वयं के खर्च से कराए जाने की पुष्टि हुई है। जनपद पंचायत शंकरगढ़ द्वारा गठित जांच समिति ने मामले की जांच के बाद यह तथ्य सामने रखा है। आज रविवार को एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना रामानुजगंज के परियोजना प्रशासक ने जांच रिपोर्ट के आधार पर जानकारी दी।

जांच समिति के अनुसार संबंधित निर्माण स्थल निजी भूमि पर स्थित है और कृष्णा प्रसाद एवं रामखेलावन की भूमि की सीमा से लगा हुआ है। निर्माण स्थल का खसरा नंबर 595 है, जो कृष्णा प्रसाद पिता जोखू प्रसाद के नाम दर्ज है।

जांच में यह भी सामने आया कि निर्माण कार्य के लिए किसी प्रकार की प्रशासकीय स्वीकृति नहीं दी गई थी और न ही इसके लिए कोई राशि जारी की गई थी। संबंधित उप अभियंता की ओर से भी निर्माण कार्य के लिए कोई ले-आउट नहीं दिया गया था और कार्य प्रारंभ करने संबंधी आदेश जारी नहीं किया गया था।

जांच समिति ने पाया कि जनपद पंचायत या ग्राम पंचायत स्तर से भी उक्त निर्माण कार्य के संबंध में कोई पत्राचार या आदेश जारी नहीं किया गया था।

जांच में उपलब्ध तथ्यों के अनुसार भूमि स्वामी कृष्णा प्रसाद ने अपनी निजी भूमि पर कटाव रोकने के उद्देश्य से स्वयं के खर्च से तटबंध का निर्माण कराया था। यह निर्माण कार्य उनके द्वारा अपने स्तर पर कराया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय