home page

छत्तीसगढ़ में पीएम स्वनिधि के क्रियान्वयन को मिली राष्ट्रीय पहचान

 | 
छत्तीसगढ़ में पीएम स्वनिधि के क्रियान्वयन को मिली राष्ट्रीय पहचान


रायपुर, 24 नवम्बर (हि. स.)। पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के छत्तीसगढ़ के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को विभिन्न श्रेणियों में कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। राज्य में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना और पीएम स्वनिधि योजना के संयोजन से ‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ नवाचार को 'इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेस' श्रेणी में देशभर में द्वितीय स्थान मिला है। इस पहल के तहत पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को एक ही स्थान पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवाईयां और ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026 में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं राज्य नोडल अधिकारी सुनील अग्रहरि ने छत्तीसगढ़ की ओर से यह पुरस्कार ग्रहण किया।

राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत आयोजित ऋण शिविरों में पथ विक्रेताओं की भागीदारी बढ़ाना चुनौती थी। कई पथ विक्रेता इन शिविरों को आवेदन और दस्तावेजी प्रक्रिया तक सीमित मानते थे। इस समस्या के समाधान के लिए छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना की मोबाइल मेडिकल यूनिट को पीएम स्वनिधि के ऋण शिविरों से जोड़ दिया। इसके तहत हेल्थ-कम-लोन कैंप आयोजित किए जाने लगे।

इन शिविरों में पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 41 प्रकार की जांच और 170 प्रकार की जेनेरिक दवाईयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही ऋण आवेदन भरने, परिवार की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहायता की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर