प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से फ्लोरेंस तिर्की का बिजली बिल हुआ शून्य, 10 किलोवाट सोलर प्लांट से हर माह हो रही बचत
कोरबा, 29 जुलाई (हि. स.)। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए आर्थिक राहत और स्वच्छ ऊर्जा का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कर लोग न केवल बिजली खर्च में कमी ला रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी योगदान दे रहे हैं। कोरबा शहर के उदयनगर, पोड़ीबहार निवासी सेवानिवृत्त बालको कर्मचारी फ्लोरेंस तिर्की ने इस योजना का लाभ लेकर अपने घर का बिजली बिल शून्य कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य देशभर में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना और आम लोगों को बिजली खर्च से राहत प्रदान करना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में भी इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
श्रीमती फ्लोरेंस तिर्की ने सेवानिवृत्ति के बाद अपने नए घर का निर्माण कराया था। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। योजना के लाभ और बिजली बिल में होने वाली बचत को देखते हुए उन्होंने अपने घर की छत पर 10 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र लगवाया।
उन्होंने बताया कि, उनके घर में बिजली की खपत अपेक्षाकृत अधिक थी। इसके साथ ही बगीचे की सिंचाई के लिए मोटर का नियमित उपयोग किया जाता था। इन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिक क्षमता वाला सोलर संयंत्र स्थापित कराया।
सोलर रूफटॉप संयंत्र लगने के बाद से उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है। पहले अधिक बिजली खपत के कारण हर माह काफी राशि का भुगतान करना पड़ता था, लेकिन अब सौर ऊर्जा के उपयोग से उन्हें आर्थिक बचत हो रही है। अतिरिक्त बिजली उत्पादन से भविष्य में अतिरिक्त आय की संभावना भी बनी हुई है।
श्रीमती तिर्की ने कहा कि, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना आम नागरिकों के लिए बेहद लाभकारी पहल है। यह योजना बिजली बिल से राहत देने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि, अधिक से अधिक नागरिक इस योजना का लाभ लेकर अपने घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करें।
योजना से मिली सुविधा और आर्थिक राहत के लिए श्रीमती फ्लोरेंस तिर्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

