home page

इर्रा के खेल मैदान को स्पोर्ट पार्क बनाने की तैयारी, केंद्रीय टीम ने किया निरीक्षण

 | 
इर्रा के खेल मैदान को स्पोर्ट पार्क बनाने की तैयारी, केंद्रीय टीम ने किया निरीक्षण


धमतरी, 03 सितंबर (हि.स.)। कुरुद विकासखंड के ग्राम इर्रा के खेल मैदान को स्पोर्ट पार्क के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन कुरूद द्वारा ग्राम के खेल मैदान को स्पोर्ट पार्क के लिए चिन्हांकित किया गया है। इसी क्रम में पुणे से आई केंद्रीय टीम के विशेषज्ञों ने गुरुवार को ग्राम इर्रा पहुंचकर खेल मैदान का निरीक्षण किया।

टीम के साथ एशियन पेंट्स स्पोर्ट्स टीम के सदस्य भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान टीम ने मैदान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और खेल गतिविधियों के संचालन की संभावनाओं का जायजा लिया। टीम के सदस्यों ने बताया कि ग्राम इर्रा के खेल मैदान का नाम स्पोर्ट पार्क के लिए उच्च स्तर पर भेजा जा चुका है। वहां से स्वीकृति मिलते ही मैदान में विभिन्न खेल गतिविधियों के संचालन के लिए कोच की नियुक्ति की जाएगी। नियुक्त कोच द्वारा गांव के बच्चों की खेल के प्रति रुचि और प्रतिभा को चिन्हांकित किया जाएगा। इसके बाद जिस खेल में बच्चे की विशेष प्रतिभा होगी, उसी खेल में उसे विशेष प्रशिक्षण देकर उच्च स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिल सकेगा।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने मैदान में जगह-जगह बिखरे गाय के गोबर और शराब पीने वाले लोगों द्वारा फैलाए गए प्लास्टिक कचरे को लेकर चिंता जताई। इस पर स्थानीय स्तर पर टीम को आश्वस्त किया गया कि मैदान की स्वच्छता को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा कचरा फैलने से रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। टीम ने बताया कि उच्च स्तर से नियुक्ति संबंधी स्वीकृति और आदेश मिलते ही खेल मैदान में विभिन्न खेलों से संबंधित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही बच्चों को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। स्पोर्ट पार्क की पहल से इर्रा सहित आसपास के गांवों के बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का नया अवसर मिलने की उम्मीद है। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन हेड ऑफिस टीम के आशीष व्यास, बीरेंद्र कुमार, दानी स्पोर्ट्स फाउंडेशन से राजीव शर्मा व प्रथम कुरुद कलस्टर प्रमुख मोतीलाल देवांगन, स्पोर्ट कॉर्डिनेटर - चेतन यादव, स्पोर्ट ट्रेनर भूपेंद्र कुमार, स्पोर्ट वालेंटियर यामिनी साहू, योगेंद्र कुमार निर्मलकर , टिकेश्वरी यादव, छाया पटेल, प्रताप साहू, अरूण साहू, राजकुमार आसनी, भाव प्रकाश साहू, यामिनी साहू सहित अन्य मौजूद रहे।

ग्राम पंचायत ईर्रा सरपंच सूर्यकांत साहू ने बताया कि, यह बहुत ही अच्छा निर्णय है। स्पोर्ट पार्क बनने से गांव के बच्चों को आगे बढ़ाया जाएगा। पार्क बनने से आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। बच्चों को जिस भी खेल में रूचि हो वे खेल सकेंगे। यह मैदान पांच एकड़ में फैला हुआ है। आसपास के गांव के निजी स्कूल जिनके यहां प्ले ग्राउंड नहीं है वे यहां खेलने पहुंचते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा