home page

युवा उत्सव 2026 को भव्य बनाने की तैयारी तेज, इंटर कॉलेज प्रतियोगिता से निखरेगी प्रतिभा

 | 
युवा उत्सव 2026 को भव्य बनाने की तैयारी तेज, इंटर कॉलेज प्रतियोगिता से निखरेगी प्रतिभा


धमतरी, 15 अप्रैल (हि.स.)। युवाओं के सर्वांगीण विकास को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले “युवा उत्सव 2026 – इंटर कॉलेज प्रतियोगिता” की तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में महाविद्यालयों, आईटीआई के प्राचार्यों, फेकल्टी और विद्यार्थियों के साथ बैठक लेकर आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर ने बताया कि 24-25 अप्रैल को होने वाले इस उत्सव में 20 से अधिक विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें वाद-विवाद, फोटोग्राफी, एकल एवं समूह नृत्य, गायन, म्यूजिकल बैंड, क्विज और खेल प्रतियोगिताएं प्रमुख रहेंगी। इसके साथ ही सौरभ द्विवेदी का प्रेरक सत्र, बस्तर का लोकप्रिय वायरा बैंड और आवाज क्रांति बैंड की विशेष प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी।अबिनाश मिश्रा ने कहा कि युवा उत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को मंच देने का सशक्त माध्यम है, जहां टैलेंट को अवसर से जोड़ा जाता है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए इसे आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

बैठक में प्राचार्यों और विद्यार्थियों ने भी सुझाव देते हुए पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाने, पारदर्शी जजिंग व्यवस्था और प्रतिभागियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कलेक्टर ने इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि इंटर कॉलेज प्रतियोगिताएं छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीमवर्क और नेतृत्व कौशल को विकसित करती हैं। यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को निखारने का मंच बनेगा, बल्कि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायी अनुभव भी साबित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा