home page

एनटीपीसी कोरबा में 1600 मेगावाट क्षमता की दो नई इकाइयां लगाने की तैयारी, कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर होगी 4200 मेगावाट

 | 
एनटीपीसी कोरबा में 1600 मेगावाट क्षमता की दो नई इकाइयां लगाने की तैयारी, कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर होगी 4200 मेगावाट


कोरबा, 22 नवम्बर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित एनटीपीसी सुपर थर्मल पावर स्टेशन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। संयंत्र में स्टेज-IV के तहत 800-800 मेगावाट क्षमता की दो नई विद्युत उत्पादन इकाइयां स्थापित करने की योजना है। इस विस्तार के पूरा होने के बाद एनटीपीसी कोरबा की कुल स्थापित उत्पादन क्षमता वर्तमान 2600 मेगावाट से बढ़कर 4200 मेगावाट हो जाएगी। इससे विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में कोरबा की भूमिका और मजबूत होने की उम्मीद है।

एनटीपीसी से रविवार काे जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रस्तावित विस्तार परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए एनटीपीसी ने रेलवे साइडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की संभावनाओं पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए कंपनी ने विस्तृत व्यवहार्यता अध्ययन (डिटेल्ड फीजिबिलिटी स्टडी) कराने के उद्देश्य से निविदा आमंत्रित की है। इस अध्ययन के माध्यम से परियोजना के लिए आवश्यक रेलवे सुविधाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं का आकलन किया जाएगा।

अध्ययन में रेलवे साइडिंग के विस्तार के साथ ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (ओएचई), सिग्नलिंग एवं टेलीकम्युनिकेशन (एसएंडटी) प्रणालियों की भी जांच की जाएगी। इसके जरिए यह निर्धारित किया जाएगा कि प्रस्तावित 1600 मेगावाट क्षमता की नई इकाइयों के संचालन के लिए रेलवे से जुड़ा बुनियादी ढांचा किस प्रकार विकसित किया जाना आवश्यक होगा। कोयले की नियमित और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिहाज से रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित दोनों इकाइयां एडवांस अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित होंगी। यह आधुनिक तकनीक उच्च दक्षता वाले बिजली उत्पादन के लिए जानी जाती है। हालांकि, स्टेज-IV विस्तार परियोजना की कुल अनुमानित लागत और निर्माण कार्य शुरू होने की समय सीमा को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि एनटीपीसी कोरबा में 800 मेगावाट क्षमता की एडवांस अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल तकनीक आधारित इकाई स्थापित करने को लेकर पिछले करीब तीन वर्षों से चर्चा चल रही थी। शुरुआती दौर में लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की लागत से बीएचईएल के सहयोग से एक इकाई स्थापित करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, बाद में यह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका। अब 800 मेगावाट की दो नई इकाइयों के लिए तैयारियां शुरू होने से संयंत्र के विस्तार की उम्मीदें फिर बढ़ गई हैं।

वर्तमान में एनटीपीसी कोरबा की स्थापित क्षमता 2600 मेगावाट है। यहां 200 मेगावाट की तीन और 500 मेगावाट की चार इकाइयां संचालित हैं। संयंत्र को कोयले की आपूर्ति साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा की जाती है। प्रस्तावित विस्तार से न केवल बिजली उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, बल्कि कोरबा की ऊर्जा क्षेत्र में राष्ट्रीयस्तर पर महत्वपूर्ण पहचान को भी और मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी