कोरबा में राजस्व पखवाड़ा-2026 की तैयारी तेज, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
तीन चरणों में होगा आयोजन, सभी प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर
कोरबा, 24 मार्च (हि. स.)। जिले में राजस्व पखवाड़ा-2026 का आयोजन इस बार और अधिक प्रभावी तरीके से किया जाएगा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राजस्व से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार यह पखवाड़ा तीन चरणों में आयोजित होगा। पहला चरण 1 से 15 अप्रैल, दूसरा चरण 4 से 18 मई और तीसरा चरण 1 से 15 जून तक जिले के सभी ग्रामों में चलेगा।
कलेक्टर ने आज मंगलवार को आयोजित बैठक में कहा कि यह सिर्फ औपचारिक शिविर नहीं, बल्कि आम जनता को सीधे राहत देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए हर स्तर पर कार्य में तेजी और पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, त्रुटि सुधार सहित सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिविरों के दौरान प्राप्त आवेदनों की मौके पर ही जांच, पंजीयन और निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हितग्राहियों को तत्काल लाभ मिल सके। साथ ही भू-अभिलेखों में आधार नंबर, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारियों को अपडेट करने पर भी जोर दिया गया है।
कलेक्टर ने आरबीसी 6-4 के तहत जनहानि, फसल क्षति और पशुहानि से संबंधित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने, भू-अर्जन प्रकरणों में समयसीमा का पालन करने और शुल्क प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदनों का निराकरण भी शिविर स्थल पर ही लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन जनहित के प्रति प्रतिबद्ध है और राजस्व पखवाड़ा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य लोगों को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

