home page

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां

 | 

कोरबा, 28 जुलाई (हि. स.)।

स्वतंत्रता दिवस समारोह को इस वर्ष गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को अधिकारियों की बैठक लेकर समारोह की तैयारियों की समीक्षा की और विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को फुटबॉल मैदान, सीएसईबी कोरबा पूर्व में आयोजित किया जाएगा। समारोह में राष्ट्रध्वज संहिता (फ्लैग कोड) का पालन करते हुए ध्वजारोहण किया जाएगा। इस वर्ष मुख्य समारोह में राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन भी किया जाएगा। जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय संस्थानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सुबह 7 बजे ध्वजारोहण होगा।

मुख्य समारोह में ध्वजारोहण एवं सलामी कार्यक्रम की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। परेड में सीआईएसएफ, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला) तथा छत्तीसगढ़ नगर सेना के दल शामिल होंगे। समारोह का अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को सुबह 9 बजे आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर ने समारोह स्थल पर साफ-सफाई, मंच सज्जा, बैठक व्यवस्था, ध्वनि व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा, वाहन व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों के लिए संबंधित विभागों को दायित्व सौंपे हैं। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को सुबह 8 बजे स्वतंत्रता सह सद्भावना दौड़ का आयोजन किया जाएगा। दौड़ घंटाघर चौक से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए ओपन थिएटर में समाप्त होगी। इसमें नागरिकों, छात्र-छात्राओं और अधिकारी-कर्मचारियों के भाग लेने की अपील की गई है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी विभाग प्रमुखों को राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि, कार्यालयों में लगाए जाने वाले ध्वज स्वच्छ, निर्धारित मानकों के अनुरूप और सम्मानपूर्वक फहराए जाएं तथा फ्लैग कोड के सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी