अंबिकापुर में 4 जून को होगी प्री. डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा, 36 केंद्रों पर 11 हजार से अधिक अभ्यर्थी आजमाएंगे भाग्य
अंबिकापुर, 02 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापमं) द्वारा आगामी 4 जून 2026 को प्री. डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। जिले में इस परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 11,841 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय पूर्वाह्न 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रशासन की ओर से परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा को पारदर्शी और कदाचार मुक्त बनाने के लिए परीक्षार्थियों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की गई है। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ठीक दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उनकी फ्रिस्किंग (जांच) और पहचान का सत्यापन समय पर किया जा सके। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले, यानी सुबह 09:30 बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में अपने साथ केवल नीला या काला बॉल पॉइंट पेन ले जाने की अनुमति होगी। किसी भी प्रकार के संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, बेल्ट, स्कार्फ और टोपी जैसी वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
इस बार परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए विशेष ड्रेस कोड भी लागू किया गया है। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह (हाफ स्लीव्स) वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, मैरून और बैंगनी जैसे डार्क रंगों के कपड़ों पर रोक रहेगी। इसके अलावा, फुटवियर में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी और कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने पर वर्जित रहेगा। जो अभ्यर्थी धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनकर आएंगे, उन्हें सामान्य समय से काफी पहले रिपोर्ट करना होगा ताकि अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा सके। नियमों का उल्लंघन करने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर परीक्षार्थियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनकी अभ्यर्थिता तुरंत समाप्त कर दी जाएगी।
-
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

