home page

प्रतापपुर में किसानों का चक्काजाम, चार सूत्रीय मांगों को लेकर घंटों किया प्रदर्शन

 | 
प्रतापपुर में किसानों का चक्काजाम, चार सूत्रीय मांगों को लेकर घंटों किया प्रदर्शन


11 नंबर चौक पर किसान नेता शिवभजन सिंह मरावी के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों ग्रामीण, हाथियों से सुरक्षा, राशन, धान के रकबे और बिजली बिल से जुड़ी समस्याएं उठाईं

सूरजपुर 22 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में आज रविवार को चार सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। किसान नेता शिवभजन सिंह मरावी के नेतृत्व में सैकड़ों लोग 11 नंबर चौक पर एकत्रित हुए और सड़क पर बैठकर धरना दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। घंटों चले प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने राज्यपाल और शासन-प्रशासन के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। हाथियों के हमले में जनहानि की घटनाएं हो रही हैं। वहीं खेतों में लगी फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है। हाथियों के डर से ग्रामीणों को अपनी जान और खेती दोनों की चिंता बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या से निपटने के लिए वन विभाग और प्रशासन की ओर से प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है। हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ग्रामीणों और किसानों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। इसी मांग को लेकर किसान और ग्रामीण 11 नंबर चौक पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे।

चक्काजाम के दौरान किसानों और ग्रामीणों ने हाथियों से सुरक्षा के अलावा तीन अन्य समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने गरीब परिवारों के राशन में की जा रही कटौती बंद करने की मांग की। साथ ही किसानों के धान के रकबे में दर्ज गड़बड़ी को सुधारने और बिजली बिलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर रोक लगाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इन समस्याओं के कारण आम लोगों और किसानों को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। राशन में कटौती से गरीब परिवार प्रभावित हो रहे हैं, वहीं धान के रकबे में गड़बड़ी से किसानों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। बिजली बिलों में बढ़ोतरी भी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

चारों मांगों को लेकर ग्रामीणों ने घंटों तक धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। बाद में प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल और शासन-प्रशासन के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की है। उनका कहना है कि हाथियों से होने वाले नुकसान को रोकने और बाकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय