home page

कोरबा: प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली शांति बाई की जिंदगी, जंगल के बीच पक्के मकान में मिला सुरक्षा और सुकून

 | 
कोरबा: प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली शांति बाई की जिंदगी, जंगल के बीच पक्के मकान में मिला सुरक्षा और सुकून


कोरबा, 28 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दूरस्थ वनांचल में सरकारी योजनाएं ग्रामीणों के जीवन में बदलाव ला रही हैं। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम कटमोरगा की रहने वाली वृद्धा शांति बाई के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना ने खुशियों की नई शुरुआत की है। कभी कच्चे मकान में बारिश के दौरान छत टपकने और जंगली जानवरों के भय के बीच जीवन बिताने वाली शांति बाई अब अपने पक्के मकान में सुरक्षित और सुकून महसूस कर रही हैं।

घने जंगलों से घिरे कटमोरगा क्षेत्र में हाथियों सहित अन्य वन्यप्राणियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में पहले कच्चे मकान में रहने के दौरान शांति बाई को अपनी सुरक्षा की चिंता सताती थी। बारिश के दिनों में भी उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने के बाद उनकी ये समस्याएं काफी हद तक दूर हो गई हैं। अब उम्र के इस पड़ाव में वह अपने सुरक्षित आशियाने में निश्चिंत होकर जीवन बिता रही हैं।

शांति बाई को छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना का भी नियमित लाभ मिल रहा है। योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि उनके लिए आर्थिक सहारा बनी हुई है। इस रकम से वह अपनी छोटी-बड़ी घरेलू जरूरतें पूरी करती हैं। वृद्धावस्था में नियमित आर्थिक सहायता मिलने से उनके दैनिक जीवन को काफी सहूलियत मिली है।

खेती-किसानी और वनोपज संग्रहण से चला रहीं आजीविका

शांति बाई उम्र के इस पड़ाव में भी मेहनत और आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। वह जंगलों से मिलने वाली लघु वनोपज का संग्रहण कर उसे बाजार में बेचती हैं। इसके अलावा तेंदूपत्ता संग्रहण से भी उन्हें अतिरिक्त आमदनी होती है। जंगल उनके लिए केवल प्राकृतिक परिवेश ही नहीं, बल्कि आजीविका का महत्वपूर्ण साधन भी है।

वनोपज संग्रहण के साथ वह खेती-किसानी के कार्य में भी जुटी रहती हैं। शांति बाई के पास लगभग तीन से चार एकड़ कृषि भूमि है, जहां वह धान की खेती करती हैं। उनकी खेती मुख्य रूप से बारिश के पानी पर निर्भर है। उन्होंने प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता राशि दिए जाने के निर्णय को किसानों के हित में बताया।

शासन की योजनाओं से मिली आर्थिक मजबूती और सुरक्षा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ मिलने से शांति बाई के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना से जहां उन्हें सुरक्षित पक्का मकान मिला है, वहीं महतारी वंदन योजना की मासिक सहायता से घरेलू जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है।

शांति बाई ने शासन की योजनाओं का लाभ मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए आभार व्यक्त किया। उनके जीवन में आया यह बदलाव बताता है कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन दूरस्थ वनांचल के जरूरतमंद परिवारों को भी सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दे रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/। हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी