home page

लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज से मुजगहन के ग्रामीण परेशान, आंदोलन की चेतावनी

 | 
लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज से मुजगहन के ग्रामीण परेशान, आंदोलन की चेतावनी


धमतरी, 21 मई (हि.स.)। ग्राम मुजगहन सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिन-रात हो रही अघोषित बिजली कटौती के कारण लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है। बार-बार बिजली आने-जाने और कम वोल्टेज की वजह से टीवी, फ्रीज, कूलर सहित अन्य विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

समस्या से परेशान ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने आमदी विद्युत केंद्र पहुंचा और कनिष्ठ यंत्री धीरेंद्र ध्रुव से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली कटौती का कोई निर्धारित समय नहीं है। कभी दिन में तो कभी देर रात अचानक बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ खेती और व्यवसाय से जुड़े कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों से मांग की कि बिजली कटौती का समय निर्धारित किया जाए तथा लो वोल्टेज की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे और उच्च अधिकारियों से शिकायत भी की जाएगी। पंडित राजकुमार तिवारी, शिवशंकर साहू, खिलेश्वर साहू, देवेश साहू सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली बंद रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रातभर बिजली गुल रहने से लोगों की नींद तक प्रभावित हो रही है। ऐसे में विभाग को जल्द स्थायी समाधान निकालना चाहिए। इस दौरान ईश्वर सेन, बूथ अध्यक्ष विनोद साहू, बूथ अध्यक्ष भुमेश साहू, डेरहा यादव, वार्ड पंच होरी लाल साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस संबंध में विद्युत केंद्र आमदी के कनिष्ठ यंत्री धीरेंद्र ध्रुव ने कहा कि गांव में लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या को गंभीरता से लिया गया है तथा जल्द आवश्यक सुधार कार्य कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा