राजधानी में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना, छग में मानसून 15 जून तक आने के आसार
रायपुर, 14 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मानसून 15 जून तक बस्तर से प्रवेश करने के आसार हैं। मौसम विभाग ने मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थिति अनुकूल बता रहा है। प्रदेश में प्री-मानसून सक्रियता कम होते नजर आ रही है, जिससे तापमान चढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2-4° डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जगहों पर बारिश, बादल गरजने और तेज हवा चली है।
मौसम विभाग के अनुसार समुद्र तल पर बनी मौसमी द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से होते हुए राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रारोड में रिकॉर्ड किया गया। वर्षा के प्रमुख आंकड़ों में कुसमी में 5 सेमी, ओरछा में 4 सेमी, पिपरिया में 3 सेमी, बड़े बचेली और थानखमरिया में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई.। वहीं भैरमगढ़, माकड़ी, ओडगी, पंधरिया और बोड़ला में 1-1 सेमी वर्षा रिकॉर्ड हुई।
मौसम विभाग ने रायपुर में आज रविवार काे गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की आशंका जताई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

