home page

राष्ट्रीय पोषण माह में न्योता भोज और रंग-बिरंगी थाली से बच्चों को मिला पौष्टिक आहार

 | 
राष्ट्रीय पोषण माह में न्योता भोज और रंग-बिरंगी थाली से बच्चों को मिला पौष्टिक आहार


बलरामपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशों के अनुपालन में जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के तहत बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा किशोरी बालिकाओं को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। इसी क्रम में आज रविवार को जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में न्योता भोज और रंग-बिरंगी थाली कार्यक्रम आयोजित किए गए।

परियोजना रामचन्द्रपुर के सेक्टर पिपरौल में आयोजित रंग-बिरंगी थाली कार्यक्रम में विभिन्न रंगों के फल, सब्जियों तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को आकर्षक ढंग से सजाकर संतुलित आहार की अवधारणा को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने केंद्रों में न्योता भोज आयोजित कर बच्चों को पौष्टिक भोजन परोसा।

इसी प्रकार सेक्टर जामवंतपुर एवं ग्राम पंचायत पशुपतिपुर अंतर्गत सेक्टर पशुपतिपुर में भी न्योता भोज का आयोजन किया गया, जहां समुदाय की सहभागिता से बच्चों को स्थानीय पौष्टिक व्यंजन उपलब्ध कराए गए। परियोजना वाड्रफनगर के सेक्टर वाड्रफनगर में भी बच्चों को पोषणयुक्त आहार वितरित किया गया। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और पालकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

न्योता भोज की यह पहल केवल पोषण तक सीमित नहीं है, बल्कि सामुदायिक सहभागिता, समानता और सामाजिक समरसता की भावना को भी मजबूत करती है। इसके तहत समुदाय के सदस्य स्वेच्छा से बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन की व्यवस्था में सहयोग करते हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह के दौरान वजन एवं ऊंचाई मापन, पोषण चौपाल, स्थानीय पोषक आहार की प्रदर्शनी तथा जागरूकता रैली जैसी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि पोषण माह केवल औपचारिक आयोजन न रहकर कुपोषण के विरुद्ध व्यवहार परिवर्तन का सशक्त अभियान बने और प्रत्येक बच्चे को स्वस्थ एवं पोषणयुक्त भविष्य मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय