home page

पोर्टल का सर्वर डाउन, रोजगार मेले में बिना इंटरव्यू लौटे कई युवा

 | 
पोर्टल का सर्वर डाउन, रोजगार मेले में बिना इंटरव्यू लौटे कई युवा


धमतरी, 27 जुलाई (हि.स.)। पोर्टल का सर्वर डाउन हाेने से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में आयोजित रोजगार मेला बुरी तरह प्रभावित हुआ। अधिकांश बेरोजगार युवा वापस लौट गए। सोमवार को आयोजित रोजगार पोर्टल का सर्वर पूरे दिन ठप रहा।

इसके चलते नए रोजगार पंजीयन और पुराने सीटी सीरीज के पंजीयन को सीजी सीरीज में परिवर्तित करने की प्रक्रिया नहीं हो सकी। इसके चलते कई बेरोजगार अभ्यर्थी साक्षात्कार से वंचित रह गए और निराश होकर वापस लौट गए। पोर्टल दोपहर बाद लगभग साढ़े तीन बजे शुरू हुआ, लेकिन तब तक कई अभ्यर्थी रोजगार कार्यालय से लौट चुके थे।

रोजगार मेले में पहले से आनलाइन पंजीयन कराने वाले अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, वहीं मौके पर पंजीयन कराने और पुराने पंजीयन में संशोधन कराने पहुंचे युवाओं को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई युवाओं ने मोबाइल ऐप के माध्यम से भी पंजीयन का प्रयास किया, लेकिन सीटी सीरीज से सीजी सीरीज में संशोधन नहीं होने के कारण आवेदन पूरा नहीं हो सका। आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने के कारण भी कई अभ्यर्थियों का सत्यापन नहीं हो पाया। इस दौरान बार बार बिजली गुल होने से भी युवा परेशान दिखे।

जिला रोजगार कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार जनवरी 2024 से रोजगार पंजीयन नंबर सीजी सीरीज से जारी किए जा रहे हैं। इससे पहले पंजीयन कराने वाले युवाओं को अपना पंजीयन अपडेट कराना जरूरी है। इसके लिए समय-समय पर प्रचार-प्रसार भी किया गया, लेकिन बड़ी संख्या में युवाओं ने अभी तक संशोधन नहीं कराया है।

वर्तमान में जिले में 62 हजार से अधिक पंजीकृत बेरोजगार हैं। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की वोडाफोन आइडिया लिमिटेड ने 50 सेल्स प्रमोटर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस ने 100 लाइफ मित्र एवं शौर्य इंटरप्राइजेस ने दो चपरासी, चार सेल्स एग्जीक्यूटिव, दो परचेस असिस्टेंट, एक ला आफिसर और एक रिसेप्शनिस्ट पद के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। कुल 160 रिक्तियों के लिए 106 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए। जिनमें 55 का प्राथमिक चयन किया गया। इनमें वोडाफोन आइडिया के लिए 39, एसबीआई लाइफ के लिए 10 और शौर्य इंटरप्राइजेस के लिए छह अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन हुआ। अंतिम चयन संबंधित कंपनियां अपनी भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद करेंगी।

मालूम हो कि छत्तीसगढ़ रोजगार एप के जरिए बेरोजगार युवा अब घर बैठे रोजगार पंजीयन और नवीनीकरण करा सकते हैं। आनलाइन व्यवस्था में सील और हस्ताक्षर की बाध्यता समाप्त कर दी गई है। पंजीयन के लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर और ओटीपी सत्यापन अनिवार्य है। आनलाइन सुविधा शुरू होने के बाद रोजगार कार्यालय में पंजीयन कराने आने वाले युवाओं की संख्या घटी है। पहले बड़ी संख्या में युवा लाइन में लगकर पंजीयन कराने के साथ प्लेसमेंट कैंप में भी भाग लेते थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा