जामपानी में पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
महिला कमांडो को गांव में नशामुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने किया प्रेरित
धमतरी, 21 नवंबर (हि.स.)। पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास, बेहतर समन्वय एवं सहयोग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में थाना बोराई पुलिस द्वारा शनिवार को ग्राम जामपानी के ग्रामीणों के लिए थाना परिसर में जागरूकता बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महिला कमांडो, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी तथा ओटीपी एवं बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। यातायात जागरूकता के तहत दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई। महिला सुरक्षा के विषय पर चर्चा करते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा घरेलू हिंसा, उत्पीड़न या किसी अन्य अपराध की स्थिति में बिना भय और संकोच के पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में महिला कमांडो की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें गांव में महिला सुरक्षा, नशामुक्ति, सामाजिक कुरीतियों और असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों से गांव को नशामुक्त एवं स्वच्छ बनाने में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई। पुलिस ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने, अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। धमतरी पुलिस ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। इसी उद्देश्य से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

